आंत में सूजन को नजरअंदाज न करें, हो सकती है गंभीर बीमारी, जानें लक्षण और घरेलू समाधान

आंत में सूजन को नजरअंदाज न करें, हो सकती है गंभीर बीमारी, जानें लक्षण और घरेलू समाधान

सेहतराग टीम

आज के समय में कई तरह की समस्याएं हो रही हैं। उन्हीं में एक है आंत में सूजन, जो एक गंभीर बीमारी है। इसके लक्षण तो काफी सामान्य होते हैं, लेकिन उसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं। इसलिए वो आगे चलकर काफी गंभीर रूप ले लेते हैं। आपको बता दें कि आंत में हुई इस सूजन को मेडिकल भाषा में अल्सरेटिव कोलाइटिस कहते हैं। लंबे समय तक सूजन होने पर आंत के कैंसर का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है। हालांकि घरेलू नुस्खों को आजमाकर इस समस्या से निजात तो नहीं पाया जा सकता, लेकिन इससे थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है और साथ ही इसे बढ़ने से रोका भी जा सकता है। आइए जानते हैं इसके लक्षणों के बारे में और वो कौन से घरेलू उपाय हैं, जो आंत के सूजन में राहत दे सकते हैं।

पढ़ें- आपके किचन में ही छुपा है, सर्दियों में होने वाली सूखी खांसी का इलाज

आंत में सूजन के लक्षण (Ulcerative Colitis Symptoms in Hindi)

  • पेट दर्द और ऐंठन 
  • दस्त 
  • गुदा में दर्द और कभी-कभी रक्तस्राव होना 
  • पाचन संबंधी समस्याएं 
  • बार-बार मल त्याग करने की इच्छा 
  • इच्छा होने के बावजूद मल त्याग करने में असमर्थता 
  • भूख में कमी
  • वजन घटना 
  • थकान और बुखार 
  • दिल की धड़कन तेज होना

आंत में सूजन के घरेलू उपाय (Ulcerative Colitis Home Remedies in Hindi):

आंत के सूजन को कम करता है ऐलोवेरा

एंटी-इन्फ्लेमेटरी (सूजनरोधी) गुणों से भरपूर ऐलोवेरा के कई फायदे हैं, जैसे कि इसका इस्तेमाल घाव को भरने और दर्द कम करने के लिए तो किया ही जाता है, साथ ही यह आंत के सूजन को कम करने में भी सहायक है। ऐसा देखा गया है कि कुछ मरीजों में ऐलोवेरा का जूस पीने के बाद आंत के सूजन में सुधार हुआ है। हालांकि इसे लेने से पहले यह जरूरी है कि आप डॉक्टर की सलाह ले लें।

नारियल के तेल से मिल सकती है राहत

नारियल के तेल वाले भोजन को अपने आहार में शामिल करें। इससे आंत की समस्याओं में राहत मिलती है। वैज्ञानिक तौर पर भी यह बात साबित हुई है। 

प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों का करें सेवन

आंत के सूजन के मरीजों को प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। ऐसे मरीजों के लिए मछली, अंडा, चिकन और मूंगफली का सेवन फायदेमंद है। हालांकि अधिक तली-भुनी या मसालेदार चीजों को खाने से बचें, क्योंकि ये आपकी समस्याओं को और बढ़ा सकता है। इसके लिए भी आपको डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। 

विटामिन डी है फायदेमंद

आंत के सूजन वाले मरीजों के लिए विटामिन डी बहुत फायदेमंद होता है। इसके लिए संतरे का जूस और दूध का सेवन किया जा सकता है। इनमें विटामिन डी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। 

आंत के सूजन को कम करने के लिए सबसे जरूरी है पानी

आंत के सूजन को कम करने या कंट्रोल करने के घरेलू उपायों में सबसे जरूरी है पर्याप्त मात्रा में पानी पीना। यह डिहाई़ड्रेशन से बचाता है। आंत के सूजन के मरीजों की सबसे बड़ी समस्या डिहाई़ड्रेशन की ही होती है। दरअसल, दस्त की वजह से उनके शरीर में जल्दी ही पानी की कमी हो जाती है। इस वजह से यह बेहद ही जरूरी हो जाता है कि मरीज को हाईड्रेट किया जाए यानी उसके शरीर में होने वाली पानी की कमी को पूरा किया जाए। ऐसे मरीजों को दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी जरूर पीना चाहिए 

ग्रीन टी का करें सेवन

ग्रीन टी को औषधीय गुणों की खान कहा जाता है। इसे लोग सुपरफूड भी कहते हैं। यह न सिर्फ वजन घटाने में सहायक है बल्कि इसका सेवन आंत की सूजन के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।

इन चीजों के सेवन से बचें 

  • आलू, बैंगन और टमाटर जैसी सब्जियां 
  • तिल के बीज 
  • बैर 
  • स्ट्रॉबेरी जैसे फल 
  • अखरोट

इसे भी पढ़ें-

सेहत के लिए गुणकारी है नारियल पानी, खाली पेट पीना अधिक लाभकारी

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।